संभावित हार देख बौखलाई कांग्रेस लीडरशिप, तुष्टिकरण की कर रही राजनीतिः ओपी धनखड़

चंडीगढ़। राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और कांग्रेस की सरकार का सत्ता से जाना तय है। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने राजस्थान में अपने चुनावी दौरे के दूसरे दिन नवलगढ़ और उदयपुरवाटी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा की कांग्रेस की लीडरशिप अपनी संभावित हार देखकर बौखला गई है और आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन कर रही है। कांग्रेस अपनी आदतानुसार धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है। धनखड़ ने अपने चुनावी दौरे के दूसरे दिन का शुभारंभ भगवान रघुनाथ मंदिर मंडावा घोडीवारा बालाजी धाम नवलगढ़ और माता मंदिर में पूजा अर्चना से किया। समस्त देशवासियों की खुशहाली की प्रभु से प्रार्थना करने के उपरांत धनखड़ ने नवलगढ़ और उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ अब तक की गई चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि राजस्थान की जनता जनार्दन भाजपा को वोट देने का मन बना चुकी है। कार्यकर्ता हर मतदाता तक पहुंचे और भाजपा की जीत को बड़े अंतर में बदलते हुए पीएम मोदी को और मजबूत करें। राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि यहां की तानाशाही मानसिकता वाली सरकार ने हजारों किसानों की जमीनें छीनी। महिलाओं की सुरक्षा तक नही कर पाई। पांच साल कांग्रेसी आपस मे लड़ते रहे और राजस्थान को पिछड़ा प्रदेश बना दिया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान के वैभवशाली गौरव को धूमिल करने का काम किया है। राजस्थान की जनता समझ चुकी है कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही राजस्थान की हालत सुधार सकती है और उसके गौरव को पुनः स्थापित कर सकती है। धनखड़ ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए गरीबों, वंचितों और शोषितों का उद्धार करती है। भाजपा सरकार उन वर्गों के लिए काम करती है जिनके बारे में कभी किसी ने नहीं सोचा। मोदी सरकार ने कुम्हार, लोहार, धोबी, बढ़ई, मोची और अन्य लोगों के हित के लिए विश्वकर्मा योजना लेकर आई है। इससे राजस्थान में रह रहे इस पिछड़े वर्ग के लोगों का विकास होगा।