कवासी लखमा ने मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णुदेव से की मुलाकात

रायपुर। विष्णुदेव साय से कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कवासी लखमा ने आज पहुना पहुंचकर मुलाकात की है। उन्होंने साय को बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित कीं।

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री कवासी लखमा ने सौजन्य भेंट की।
– उन्होंने श्री साय को बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित कीं।#ChhattisgarhCM #VishnuDeoSai pic.twitter.com/ZAB7Cks1Fk— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) December 11, 2023
छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर में राम मंदिर में दर्शन किया और राज्य के विकास और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख आदिवासी चेहरा साय को रविवार को यहां नवनिर्वाचित 54 भाजपा विधायकों की बैठक के दौरान विधायक दल का नेता चुना गया। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने रविवार शाम को 59 वर्षीय साय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया और भाजपा द्वारा औपचारिक रूप से दावा पेश करने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति से संबंधित एक पत्र सौंपा।
राज्य के जनसम्पर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया, ‘‘साय ने सोमवार को वीआईपी रोड में भगवान श्री राम मंदिर का दौरा किया और प्रार्थना की।’’ अधिकारियों ने बताया कि साय ने राज्य के सर्वांगीण विकास और लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर साय ने कहा, ‘‘भगवान श्री राम का आशीर्वाद इसी तरह हम सब पर बना रहे। छत्तीसगढ़ के सभी वर्गों का समुचित विकास हो और छत्तीसगढ़ प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश में अपना महत्वपूर्ण स्थान स्थापित करें, यही भगवान से हमारी कामना है।’’ अधिकारियों ने बताया कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को यहां साइंस कॉलेज मैदान में होने की संभावना है।