8 और 5 साल से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

जैसलमेर। जैसलमेर जिले से फरार इनामी बदमाशों को पकड़ने के लिए एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में एक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लंबे समय से फरार ईनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम बनाकर लगातार कार्रवाई कर रही है। इस कड़ी में कोतवाली पुलिस ने 2 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। दोनों बदमाश करीब 8 और 5 साल से फरार चल रहे थे। कोतवाली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
शहर कोतवाल सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर की ओर से वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने थाना प्रभारी सत्यप्रकाश के नेतृत्व में थाना स्तर पर एक विशेष टीम बनाई गई है।
शहर कोतवाली की पुलिस टीम की ओर से 8 साल से फरार गाड़ी चोरी में वांटेड 20 हजार रुपए का ईनामी आरोपी सुरजनराम उर्फ सुरेश विश्नोई निवासी सांचोर को गिरफ्तार किया। इसी तरह 5 साल से फरार 15 हजार रुपए का ईनामी स्थाई वांटेड सोमाराम गरासिया निवासी उदयपुर को पुलिस थाना गोगुन्दा के सहयोग से गिरफ्तार किया गया।
दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम ने तकनीकी टीम की मदद से उनके मोबाइल लोकेशन और मुखबीरों की मदद लेकर पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
