प्रगतिशील किसानों ने मक्का प्लांट का भ्रमण कर निर्माण गति के प्रति दिखाया उत्साह

कोण्डागांव। मंगलवार को निर्माणाधीन माँ दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट का जिले के प्रगतिशील किसानों ने भ्रमण किया। जिसमें किसानों को प्लांट के इंचार्ज अधिकारी रवि ने किसानों को पूरे प्लांट का भ्रमण कराते हुए बताया कि प्लांट में कार्य तीव्र गति से चल रहा है और जून माह में निर्माण कार्य पूर्ण कर प्लांट प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने पूरे प्लांट के निर्माण कार्यों का जायजा करवाते हुए उन्होने किसानों को प्लांट की क्रियाविधि के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया। वर्तमान में प्लांट के फर्मेटेंशन टैंक का सिविल वर्क लगभग पूर्ण है साथ ही लिक्विफिकेशन टैंक, कूलिंग टावर, स्टोरेज टैंक, एमसीसी रूम, पावर प्लांट निर्माण, साईलो निर्माण का कार्य अभी तीव्र गति से चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर जामकोटपारा के कृषक हीरालाल देवांगन व हरिलाल देवांगन ने बताया कि वे प्लांट के निर्माण को देख कर बहुत खुश हैं और जिस रफ्तार से निर्माण कार्य चल रहा है उनके रबी फसलों के कटने के पूर्व कार्य पूर्ण होने की उन्हें उम्मीद जाग गयी है। हीरालाल ने कहा कि इस बार उन्होंने मक्का प्लांट के बनने के बारे में सोच कर इस बार सबसे अधिक मक्का खेत में लगाया है। उन्हें विश्वास है कि उनका सारा मक्का प्लांट में विक्रय हो जाएगा। आड़काछेपडा के किसान सोमनाथ देवांगन ने प्लांट निर्माण देख के कहा कि वो खुश है, कि प्लांट इस जून में चालू हो जाएगा। जिससे इनके खेत में इस बार लगे मक्के के विक्रय हेतु सोचना नहीं पड़ेगा सीधे प्लांट में वह अपना मक्का बेच सकेंगे। किसान रामदयाल ने कहा कि प्लांट को लेकर वे बहुत आशान्वित हैं जल्द प्लांट पूरा होते देख बहुत उत्साहित अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने बताया वे 12 साल से मक्का लगा रहे हैं पर इस बार उसके विक्रय के लिए वे बहुत खुश है क्योंकि प्लांट में उनके पूरे मक्के का विक्रय हो जाएगा। जिससे उन्हे अन्य किसी पर निर्भर नहीं रहना होगा। शासन की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर वे अपना मक्का बेच सकेगें।
