जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने सतरंगी सप्ताह के सात पोस्टरों का किया विमोचन

भीलवाड़ा। प्रत्येक मतदाता तक मतदान का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से 22 नवंबर तक जिले में सतरंगी सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक मतदान जागरूकता से संबंधित विभित्र कार्यक्रम होगे। प्रत्येक कार्यक्रम की थीम, रंग, स्लोगन और लक्षित वर्ग निर्धारित किये गये हैं। सतरंगी सप्ताह के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष मोदी ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन लाल खटनावलिया एवं जिला शिक्षा अधिकारी योगेश पारीक की उपस्थिति में सतरंगी सप्ताह के सात पोस्टर का विमोचन किया। प्रथम दिन 16 नवंबर को लोक नृत्यों के माध्यम से पीवीटीजी, विमुक्त और घुमंतू वर्ग के मतदाताओं को जागरूक किया गया। प्रथम दिन की थीम का रंग वायलेट और स्लोगन ‘‘हम भी नाचेंगे -गायेंगे, वोट डालकर आएंगे‘‘ रही। दूसरे दिन 17 नवंबर को म्यूजिकल बैड की सुर लहरियो के माध्यम से कामगार, मजदूर, दिहाड़ी मजदूरों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही मतदाता शपथ का कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इस दिन की थीम का रंग इंडिगो और स्लोगन, “अंगुली पर निशान, राष्ट्र के नाम‘‘ तय किया गया है। इसी प्रकार 18 नवंबर को वॉकाथोन का आयोजन होगा।

इसमें सेवारत मतदाता, सरकारी कार्मिक, खिलाड़ी, शिक्षक, शारीरिक शिक्षक, पुलिस के जवान शामिल होंगे। इस दिन का रंग ब्लू तथा स्लोगन “कर्तव्य पथ पर, राष्ट्रहित में‘‘ रहेगा। 19 नवंबर को ट्राई साइकिल रैली निकालकर दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दिन की थीम का रंग हरा और स्लोगन ‘‘हम भी सक्षम, राष्ट्र भी सक्षम‘‘ तय किया गया है। इसी तरह 20 नवंबर को मतदाता रैली एवं फ्लैश माँब का कार्यक्रम होगा। इसमें युवा मतदाता और शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। इस दिन की थीम का रंग पीला और स्लोगन “मताधिकार का प्रयोग करेंगे वोट करेंगे, वोट करेंगे‘‘ रहेगा। वहीं 21 नवंबर को महिला रंगोली व महिला मार्च का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें महिला मतदाता, महिला कार्मिक, महिला बीएलओ, महिला खिलाड़ी शामिल होंगे। इस दिन की थीम का रंग ऑरेंज रहेगा और स्लोगन ‘‘वोट करूंगी, तभी तो बढूंगी‘‘ होगा। सतरंगी सप्ताह के अंतिम दिन 22 नवंबर को वोट ट्री और दीपदान का कार्यक्रम होगा। इसमें नैतिक एवं सूचित मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। थीम का रंग लाल और स्लोगन ’‘लालच पर होगी चोट, सोच समझकर करेंगे वोट‘‘ होगा। इस 7 दिवसीय विशेष कार्यक्रम का लक्ष्य राज्य में गत विधानसभा चुनाव के मतदान प्रतिशत 74.72 से आगे बढ़ते हुए शत-प्रतिशत मतदान कराने हेतु एक सघन प्रवास करना है। जिससे भारत निर्वाचन आयोग के समावेशी एवं सहभागी मतदान के लक्ष्य को हासिल करते हुए लोकतंत्र के सशक्तीकरण में महत्ती भूमिका निभायी जा सकें। इस कार्यक्रम हेतु जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया है एवं उनकी भूमिका रेखांकित की गई है।