तालाब में मिला नरकंकाल, इलाके में फैली सनसनी

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में माँ शारदा देवी मंदिर के पीछे कुंदन तालाब में एक नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। मृत व्यक्ति की पहचान नरेश चौधरी के रूप में हुई है, जो पिछले 40 दिनों से घर से गायब था। गाड़ी और कपड़ो से उसकी शिनाख्ती हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।इधर मृत व्यक्ति के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मृतक के साथियों पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है।

पुलिस की जांच में कंकाल के अवशेष अलग-अलग दूरी पर पाए गए है। ऐसे में हत्या की बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। वहीं परिजनों की माने तो वे खुद मृतक को 40 दिनों से खोज रहे थे, लेकिन उसका कही पता नहीं लग पा रहा था। वहीं कंकाल मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार पुलिस ने मंदिर मेला व चुनाव के नाम पर हीला हवाली रवैया अपनाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।