
धर्मशाला। धर्मशाला के जदरागंल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के कैंपस के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 30 करोड़ रुपए जमा न करवाए जाने के खिलाफ भाजपा ने कांगड़ा-चंबा के प्रभारी विपिन परमार के नेतृत्त्व में शनिवार को धर्मशाला में चक्का जाम किया। यह प्रदर्शन कचहरी बस अड्डा पर किया गया। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ता पुलिस मैदान में इक्कठे हुए वहां से कचहरी चौक तक रैली निकाल कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता कचहरी चौक में सडक़ पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा।

इस दौरान उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कांगड़ा-चंबा लोकसभा के संसदीय प्रभारी व विधायक विपिन परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा से भेदभाव कर रही है। पहले कैबिनेट में कांगड़ा की अनदेखी की गई और अब सीयू के 30 करोड़ जमा नहीं करवाए जा रहे हैं। जनता को संबोधित करते हुए सांसद किशन ने बताया कि किस तरह से उन्होंने पर्यावरण मंत्रालय से इस सारे मसले को हल करवाया। कपूर ने तलख तेवर दिखाते हुए कहा कि पिछले चार सालों से यह मसला लटका कर रखा गया। उधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि प्रदर्शन तो मात्र ट्रेलर है, अगर प्रदेश सरकार ने जल्द 30 करोड़ जमा नहीं करवाए तो आने वाले दिनों में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। प्रदेश सरकार ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में विपक्ष को एक बड़ा मु्ददा थमा दिया है।
सांसद किशन कपूर के संबोधन के दौरान जब कुछ लोग नारे लगाने लगे तो कपूर गुस्सा हो गए और कहा कुछ लोग नारे लगा रहे है यह क्या षड्यंत्र है। उन्होंने कहा अपने स्वार्थ के लिए कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं। यदि कांगड़ा के लोग ऐसे ही लड़ते रहेंगे तो सरकारें अपने तरीके से काम करेंगी। भाजपा नेता विपिन परमार ने अपने संबोधन में कांगड़ा के कांग्रेस विधायकों से भी सीयू की लड़ाई में साथ देने का आह्वान किया। इतना ही नहीं, उन्होंने सुधीर शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि वह बयान देने के बजाए इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज करवाएं। सीयू को लेकर धर्मशाला में भाजपा द्वारा किए प्रदर्शन में विधायक पवन काजल, विधायक रणवीर निक्का, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, पूर्व विधायक अरुण कूका, पूर्व विधायक रवि धीमान, पूर्व विधायक मुलख राज पे्रमी, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, पूर्व विधायक रीता धीमान, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, राकेश शर्मा, प्रदेश सचिव विशाल चौहान, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी विश्व चक्षु, भाजपा प्रत्याशी रहे राकेश चौधरी, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा, जिला महामंत्री राकेश चौहान और देवेंद्र कोहली सहित जिला भर से भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।