भीषण सड़क हादसे में दंपत्ति की दर्दनाक मौत

महासमुंद। स्थानीय नेहरू चौक में बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे ट्रक ने दोपहिया सवार दंपती को रौंद दिया। घटना में राव दंपती की मौत हो गई। गुरुवार को तुलसी पूजा के लिए पूजन सामग्री लेने राव दंपती दोपहिया से बाजार निकले थे। बाजार से पूजन सामाग्री और गन्ना खरीदकर लौट ही रहे थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने इन्हें चपेट में ले लिया। सिर पर ट्रक का पहिया चलने से उमा राव (58 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोपहिया वाहन चला रहे एम हरिकृष्ण राव (68 वर्ष) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर का मेकाहारा भेजा गया। यहां से एम्स ले जाया गया। जहां शाम साढ़े चार बजे एम हरिकृष्ण राव की मौत हो गई। बता दें कि राव दंपती का घर स्टेशन पारा नई मंडी रोड पर स्थित है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया, जिसे दो सौ मीटर दूर रोक लिया गया। ट्रक चालक को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। जानकारी के अनुसार राव दंपती लंबे समय से ही महासमुंद शहर में निवासरत हैं। ये मूलतः आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि करीबी स्वजन बिलासपुर में रहते है। मृतक हरिकृष्ण केएन आयल इंड्रस्टी संचालित में सुपरवाइजर थे। इंडस्ट्री बन्द होने के बाद परिवार पुस्तैनी संपत्ति बेचकर यहां जीवन-यापन करते थे। वहीं उनकी बेटी ऋतु की इंदौर में शादी हुई थी। उनके पुत्र सूरज भी होटल मैनेजमेंट पढ़ने नैनीताल चला गया था। इसके बाद से पति-पत्नी अकेले रह रहे थे। कुछ माह पहले वे संपत्ति बेचकर इंदौर बसने की तैयारी में थे। इस बीच सड़क हादसे में दोनो की मौत हो गई। इस हादसे से मोहल्ले में घटना को लेकर शोक है। शहर में यातायात व्यवस्था बदहाल है। घटनास्थल का सिग्नल महीने भर से बंद है। यातायात जवान मौके पर नियमित रहते नहीं। यहां डेढ़ साल पहले हाईस्कूल की भृत्य कमला देवांगन की मौत ट्रक के नीचे आने से हो गई थी। प्रत्येक दुर्घटना के बाद यातायात पुलिस सिर्फ चार दिन मुस्तैदी दिखाती है, बाद वीआईपी ड्यूटी, आउटर पेट्रोलिंग व भारत वाहन की जांच में टीम व्यस्त रहती है। इसके अलावा नागरिक भी यातायात नियमो के प्रति जागरूक नही है। सड़क पर बेतरतीब पार्किंग, दुकानो।का साइन बोर्ड बाहर सड़क पर फैलाकर रखना, यातायात नियम की अनदेखी करते नागरिक नजर आते हैं।