रशोल-मलाणा ट्रैक पर रास्ता भटका चंडीगढ़ का ट्रैकर

कुल्लू। जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में रशोल-मलाणा ट्रैक पर एक ट्रैकर रास्ता भटक गया, जिसे बुधवार रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित ढूंढ निकाला है। ट्रैकर चंडीगढ़ के खरड़ का रहने वाला है। ट्रैकर के रास्ता भटक जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और हिमालयन नेगी ब्रदर हिमालय रेस्क्यू के सदस्यों ने सर्च अभियान चलाया और रातभर कड़ी चुनौती के बीच पंगडंडियों और खतरनाक रास्तों को पार करते हुए ट्रैकर को खोज निकाला।

इस दौरान सर्च टीम ने घने और खतरनाक जंगल को भी ट्रैकर को खोजने के लिए पार किया है। चंडीगढ़ के खरड़ का अरुण कुमार घाटी के कसोल से आठ नवंबर को ट्रैकिंग पर निकला था जो 11 बजे रशोल में जा पहुंचा। इसके बाद रशोल से करीब एक बजे मलाणा की तरफ ट्रैकिंग पर निकल और इसी दौरान यह ट्रैकर रास्ता भटक गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने चंडीगढ़ के इस युवक को ढूंढा है। रशोल की पहाडिय़ों में रास्ता भटकने के बाद युवक सुरक्षित मिलने की पुष्टि एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने की है।