जिले में 48 सौ लोगों की होगी फाइलेरिया जांच

झारखण्ड | जिले में फाइलेरिया की जांच के लिए 4800 लोगों का ब्लड स्लाइड लिया जाएगा। यह स्लाइड कलेक्शन सभी प्रखंडों में एक साथ शुरू किया गया है। इसके लिए मंगलवार से छह दिवसीय अभियान चल रहा है। अभियान के पहले दिन राज्यस्तरीय टीम के साथ जिला के अधिकारियों ने बाघमारा के निचितपुर स्थित घाघरी गांव में ब्लड स्लाइड कलेक्शन करवाया है। इसमें राज्य मलेरिया पदाधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार, राज्य सलाहकार विनय कुमार, जिला सलाहकार रमेश कुमार सिंह आदि शामिल थे। इस स्लाइड की जांच रिपोर्ट पर अगला मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) कार्यक्रम निर्धारित होगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह स्लाइड कलेक्शन दो चरणों में की जा रही है। पहले चरण में जिले के सभी आठ प्रखंडों में वैसे गांवों के लोगों को ब्लड स्लाइड लिया जा रहा है, जहां फाइलेरिया से सबसे ज्यादा मरीज चिह्नित हैं। इसे सेंटिनल स्लाइड कलेक्शन कहते हैं। यहां 9 अक्तूबर से स्लाइड कलेक्शन किया जा रहा है, जो 11 अक्तूबर तक चलेगा। दूसरा चरण रैंडम स्लाइड कलेक्शन होगा। यह 14, 16 और 17 को होगा। अभियान के दौरान दोनों चरणों में जिला के सभी आठ प्रखंडों से तीन-तीन सौ स्लाइड लिया जाना है।
रात में लिया जाता है स्लाइड
फाइलेरिया की जांच के लिए मरीज का स्लाइड सिर्फ रात में लिया जाता है। इसलिए स्लाइड कलेक्शन का काम रात 8 बजे के बाद शुरू होता है। डॉक्टरों की मानें तो फाइलेरिया का कृमि रात में ही ब्लड में आता है। इसलिए इसका ब्लड स्लाइड रात में लिया जाता है।