विंटर शैड्यूल में 3 न्यू डोमैस्टिक फ्लाइट्स शामिल

चंडीगढ़। एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से विंटर शैड्यूल में 3 डोमैस्टिक फ्लाइट्स को शामिल किया गया है। इसमें लेह, गोवा और कोलकाता के लिए 30 अक्तूबर और पहली नवंबर से फ्लाइट शुरू होंगी। ऐसे में शहीद भगत सिंह इंटरनैशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से डोमैस्टिक फ्लाइट्स की संख्या 50 से अधिक हो गई है। वहीं, शहरवासियों को मलाल रह गया है कि अथॉरिटी की तरफ से इंटरनैशनल फ्लाइट्स की संख्या में बढ़ौतरी नहीं की जा रही है। इस कारण चंडीगढ़ के साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों के लोगों को इंटरनैशनल फ्लाइट्स के लिए दिल्ली जाना पड़ता है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 2015 में किया गया था, लेकिन अभी तक सिर्फ दो ही इंटरनैशनल फ्लाइट्स का संचालन हो सका है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से 30 अक्तूबर से विंटर शैड्यूल लागू किया जाएगा। ऐसे में अथॉरिटी ने विंटर शैड्यूल में 3 डोमैस्टिक फ्लाइट्स को शुरू किया है। अब चंडीगढ़ से कोलकाता के लिए दो, गोवा के लिए 3 और लेह के लिए दो फ्लाइट्स हो जाएंगी।

चंडीगढ़-गोवा फ्लाइट सुबह 9.10 पर चंडीगढ़ से उड़ान भरेगी और दोपहर 12.05 बजे गोवा पहुंच जाएगी। वापसी में गोवा से दोपहर 2.30 बजे उड़ान भरेगी और शाम 5.15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह सफर 2 घंटे 45 मिनट का होगा। इसके लिए बुकिंग 9,475 रुपए से शुरू होगी।
-चंडीगढ़ से लेह के लिए फ्लाइट 31 अक्तूबर से शुरू हो रही है, जिसके लिए बुकिंग शुरू कर दी है। फ्लाइट चंडीगढ़ से दोपहर 11.30 बजे उड़ान भरने के बाद दोपहर 12.30 बजे लेह पहुंच जाएगी। वापसी में लेह से सुबह 10 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 11 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह सफर 1 घंटे का रहेगा। इसके लिए 4032 रुपए किराया तय किया गया है। -चंडीगढ़-कोलकाता के बीच पहली नवंबर से न्यू फ्लाइट शुरू हो रही है। फ्लाइट कोलकाता से दोपहर 2.05 बजे उड़ान भरेगी और 4.40 बजे चंडीगढ़ पहुंच जाएगी। यह सफर 2 घंटे 35 मिनट का रहेगा। वहीं, चंडीगढ़ से रात 8.40 बजे उड़ान भरने के बाद रात 10.55 बजे कोलकाता पहुंच जाएगी। इसके लिए 9507 रुपए से बुकिंग शुरू होगी।