पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

शिमला। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल में पशुपालक अब इस दिन का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर कब कांग्रेस सरकार उनसे दो रुपए प्रति किलो के हिसाब से गोबर खरीदेगी और कब रोजाना 10 लीटर दूध खरीदा जाएगा। कांग्रेस ने झूठी गारंटी देकर सत्ता तो हथिया ली, लेकिन झूठे वादों पर आखिर कब तक वह टिके रहेंगे। सोशल मीडिया में भी कांग्रेस व उनके नेता आम जनता के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। आम जनता कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटी को जान चुकी है और सरकार से जनता खुले मंच से भी इस सवाल को पूछ रही है।

आखिर कब कांग्रेस सरकार अपनी इन गारंटियों को पूरा करेगी। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गोविंद ठाकुर ने कहा कि आज तक न तो महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए आए और न ही प्रदेश में 300 यूनिट बिजली फ्री की गई। बल्कि सरकार की गलत नीतियों के चलते प्रदेश की आर्थिकी को नुकसान पहुंचा है। प्रदेश सरकार द्वारा जो बाहरी राज्यों के वाहनों पर गलत तरीके से टैक्स बढ़ाया गया, उससे हिमाचल के पर्यटन स्थल सूने पड़े हुए है। युवाओं को प्रदेश में रोजगार देना तो दूर, बल्कि उनके रोजगार छीनने का प्रयास कांग्रेस ने किया है। आज सरकार के गलत नीतियों के चलते युवा सडक़ों पर बेरोजगार घूम रहे हैं। गोविंद ठाकुर का कहना है कि अपनी झूठी गारंटी में कांग्रेस ने कहा था कि हर विधानसभा में चार अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। कांग्रेस के नेता सिर्फ सत्ता सुख भोगने में लगे हुए हैं।