अजमेर शहर में कई जगह गिरी बौछारें, दिनभर मंडराते रहे बादल

अजमेर। अजमेर मौसम का मिजाज शुक्रवार को मिला-जुला रहा। आसमान में बादल मंडराते दिखे। सुबह कई जगह तेज बौछारें गिरीं। कई जगह धूप-छांव का दौर चला। शाम तक मौसम में गर्मी और धूप बनी रही। अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से धूप में तीखापन बना रहा। इसके बाद बादलों ने डेरा जमा लिया। सुबह करीब 11 बजे वैशाली नगर, माकड़वाली रोड, पंचशील, आनासागर लिंक रोड, शास्त्री नगर, बजरंगगढ़ सहित आस-पास के इलाकों में रुक-रुक कर बौछारें गिरी। बादल छितराए तो धूप भी निकली। बादलों और सूरज में लुकाछिपी का दौर दोपहर तक चलता रहा।
मानसून का काउंटडाउन : इस बार मानसून जिले में सामान्य ही रहा है। जिले की बरसात का आंकड़ा 497 मिलीमीटर के पार पहुंच गया है। कई झील, तालाब, बांध, एनिकट में पानी पहुंचा है। इस बार मार्च से मई तक करीब 10 बार पश्चिम विक्षोभ के चलते बरसात हुई। इस दौरान 180 मिलीमीटर तक पानी बरसा। इसके बाद 18-19 जून को बिपरजॉय चक्रवात के चलते 200 मिलीमीटर से ज्यादा बरसात हुई। जुलाई में मानसून की सक्रियता से 225 मिलीमीटर बरसात हुई। अगस्त और सितम्बर की शुरूआत में मानसून कुछ कमजोर रहा, हालांकि पिछले चार-पांच दिन में सामान्य बरसात हुई है।
