गोदाम में ताला लगाकर पार्षदों ने कर्मचारियों को बंधक बनाया

शाहजहांपुर | नगर निगम के पार्षदों ने रोशनी गोदाम में तालाबंदी कर कर्मचारियों को गोदाम के अंदर बंधक बना लिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारी की लापरवाही के कारण तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। शहर में बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। जिन मुद्दों के लिए जनता ने हमें चुना है, उनके लिए आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है। पार्षदों ने मांगें पूरी नहीं होने पर नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी। बाद में सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती ने मौके पर पहुंच कर अश्वासन दिया तब जाकर पार्षद शांत हुए।
वहीं नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सभी पार्षदों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेकर निस्तारण कराया जाएगा। नगर निगम के रोशनी गोदाम कार्यालय व वर्कशॉप के मुख्य गेट पर शनिवार दोपहर पार्षद एकत्र हुए। पार्षदों ने पथ प्रकाश व्यवस्था में सुधार, टूटी सड़कों की मरम्मत और जनहित से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान न होने को लेकर ताला डाल दिया। इससे तैनात कर्मचारी अंदर बंद हो गए। पथ प्रकाश व्यवस्था के एई नरेश कुमार के खिलाफ गेट पर नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। पार्षदों ने एई की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जताया।
उन्होंने कहा कि अगर उचित प्रयास किए जा रहे होते तो पथ प्रकाश व्यवस्था की दुर्गति नहीं होती। अब तक स्थिति में सुधार हो चुका होता। अब तक सुधार नहीं हुआ है इसका मतलब है कि स्थिति में अभी और सुधार किए जाने की जरूरत है। इस दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं हो रहे हैं। लगभग सवा घंटे मुख्य गेट पर पार्षदों ने ताला लगा कर विरोध-प्रदर्शन किया। पार्षदों की मांग थी कि समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं किया जाता, वह विरोध करेंगे। अभी तो सिर्फ ताला लगाया है, आगे रोशनी गोदाम में भैंसों को लाकर बंद करेंगे। नगर आयुक्त के निर्देशन पर सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती ने आकर पार्षदों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान जल्द कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्षदों में मोहम्मद जीशान, नईम अहमद, मजहर हुसैन, अब्दुल, आसिफ, तालाब, डा. मोहसिन, तनवीर, रजिष अहसान खां, जीशान अंसारी, मुख्तार खां आदि मौजूद रहे।
पार्षदों ने कहा कि अभी तो रोशनी गोदाम में तालाबंदी की गई है। अगर समस्याओं का निस्तारण नहीं कराया तो जल्द ही नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनताकी आवाज उठाना और समस्याओं का निस्तारण कराना हमारी जिम्मेदारी होगी। नगर निगम में जल्दी काम नहीं होता, यहां भ्रष्टाचार है।
पार्षदों द्वारा रोशनी गोदाम में तालाबंदी करने की सूचना मिली है। मौके पर अधिकारियों को भेजा गया है। उनकी जो भी समस्याएं होंगी। उस पर काम करते हुए जल्द समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। उनके साथ बैठक की जाएगी- संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त।
