आतंकी जगतार सिंह हवारा की कल नहीं हुई पेशी, इस तारीख को होगी अगली सुनवाई

चंडीगढ़। बुड़ैल जेल ब्रेक मामले में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या करने वाले आतंकी जगतार सिंह हवारा की शनिवार को पेशी नहीं हो सकी। शनिवार को महाशिवरात्रि पर्व की जिला अदालत में छुट्टी थी। हवारा की पेशी वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के जरिए होनी थी। मामले की अगली सुनवाई 6 मार्च को होगी। जानकारी के अनुसार दायर मामला, 2004 का है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या मामले में आतंकी जगतार सिंह हवारा अपने अन्य साथियों परमजीत सिंह भ्यौरा और जगतार सिंह तारा सहित जेल में बंद था। इस दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बैरक में लगी टॉयलेट सीट को उखाड़कर करीब 94 फुट लंबी सुरंग खोद ली और मौका देखकर उस सुरंग की सहायता से अपने साथियों संग फरार हो गया था। उनके साथ हत्या मामले में पकड़ा गया आरोपी देवी भी फरार हुआ था। हवारा और भ्यौरा के फरार होने के 2 वर्ष बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह तिहाड़ जेल में बंद है।
