
आगरा: 50 वर्षीय एक महिला एक शोहदे की हरकत से दहशत में है। आरोपित निर्वस्त्र होकर वीडियो कॉल करता है। एक दिन महिला की नातिनी ने फोन उठा लिया। उसने अपनी मां को बताया। मां ने सास से मुकदमा लिखाने को कहा। व्हाट्सएप डीपी से आरोपित की पहचान हुई। उसके खिलाफ ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

पीड़ित महिला शादियों में पूड़ी बेलने का काम करती है। इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। प्रार्थना पत्र में लिखा कि पहला फोन 26 नवंबर की शाम को आया। मोबाइल 12 वर्षीय नातिनी के पास था। उसने फोन उठा लिया। सामने वीडियो कॉल पर एक युवक निर्वस्त्र था। यह देख नातिनी घबरा गई। उसने अपनी मां को यह बताया।
बहू ने आरोपित का नंबर ब्लाक कर दिया। रात को जब वह काम से लौटकर आई तो बहू ने उन्हें घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोपित का नंबर अनब्लाक किया। ताकि व्हाट्स एप पर उसकी डीपी देखकर पहचान कर सके। इसी दौरान आरोपित का फिर फोन आ गया। इस बार भी वीडियो कॉल पर वह निर्वस्त्रत्त् था।
महिला ने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि आरोपित की हरकत से उसे शर्म महसूस हो रही है। महिला ने पुलिस को बताया कि जिस नंबर से फोन आ रहा है उसके व्हाट्स एप पर जो डीपी है वह उसे पहचानती है। डीपी नगला पाटम निवासी लुक्का की है। मुकदमा लुक्का के खिलाफ लिखा है।
इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपित के बारे में सर्विलांस सेल से भी पता कराया जा रहा है। यह भी हो सकता है कि डीपी किसी की हो और फोन कोई और करता हो। जांच के बाद ही आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।