अभिनेत्री के मामा की सम्पत्ति हड़पने वाला 10 हजार का इनामी गिरफ्तार

देहरादून। अभिनेत्री अमृता सिंह के मामा के फर्जी हस्ताक्षर कर सम्पत्ति पर कब्जा करने वाले दस हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक नगर सरिता डोभाल ने मंगलवार को बताया कि अभिनेत्री अमृता सिंह की मौसी ताहिरा एस बिम्बेट ने मार्च 2022 को क्लेमनटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके भाई मधुसूदन बिम्बेट की 2019 को मृत्यु हो गयी थी। उनकी मृत्यु के पश्चात भूमाफिया राजेन्द्र सिंह निवासी सहारनपुर ने उनकी पैतृक सम्पत्ति पर कब्जा करने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर एक फर्जी वसीयत बनाई। उनके मृतक भाई की समस्त सम्पत्ति का खुद को वारिस बताया।
इस वसीयत को प्रमाणित करने वाले अधिवक्ता ने उनके फर्जी हस्ताक्षर कर बनाया जाना बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर राजेन्द्र सिंह, मोहम्मद साजिद निवासी महबूब कालोनी ब्राहमणवाला, सचिन कुमार निवासी सहारनपुर, नाथीराम निवासी रविदास मन्दिर मोहल्ला तेलपुरा शेखपुरा सहारनपुर और अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर राजेन्द्र सिंह, मोहम्मद साजिद को जून 2022 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सचिन जिस पर दस हजार का इनाम घोषित था, उसको पांच जनवरी 2023 को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में फरार चल रहे दस हजार के इनामी नाथीराम को पुलिस ने मंगलवार को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
