गांव वालों ने पकड़कर दो युवकों को बनाया मुर्गा, वजह जानकर चौंक जाएंगे

हरदोई: हरदोई जिले में पाली थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार दो युवकों द्वारा एक किशोर से आटा छीन लिया। इस पर दो युवकों को ग्रामीणों ने मुर्गा बनाकर सजा दी है। युवकों को मुर्गा बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हिंदुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पाली थाना क्षेत्र के खजुरिया निवासी नेमिष व निजामपुर निवासी रोहित कुशवाहा अपनी बाइक पर सवार होकर शाहाबाद से पाली आ रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इसी बीच गांव खजुरिया निवासी एक 14 वर्षीय किशोर बोरे में आटा लेकर घर आ रहा था।

आरोप है कि इन लोगों ने बच्चे से आटा ले लिया। इससे किशोर शोर करता हुआ अपने घर की तरफ जाने लगा। शोर सुनकर और किशोर को रोता हुआ देखकर उसके चाचा मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों के साथ बच्चे के चाचा ने दोनों युवकों को पकड़ कर मुर्गा बना दिया। पुलिस को भी सूचना दे दी। इस दौरान आसपास के लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामूली बात पर मुर्गा बनाने की बात सामने आई है। इसके वीडियो की जांच की जा रही है। प्रकरण में तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।