
राजसमंद। राजसमंद अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को शीत लहर के प्रकोप से बचाव के लिए एडवाइजरी का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को निर्देशित किया गया कि शीतलहर की कार्य योजना तैयार किया जाए। प्रत्येक स्तर पर शीत लहर प्रबंधन नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। नगरीय विकास विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि चिकित्सा सुविधाओं, बिजली, भोजन, जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवाओं के साथ आश्रम बसेरा का संचालन सुनिश्चित किया जाए। बेघर प्रभावित लोगों को आश्रय गृहों में स्थानांतरित किया जाए।

चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में शीतलहर प्रभावितों के उपचार के लिए विशिष्ट कार्य योजना बनाई जाए। सभी स्वास्थ्य पेशेवरों कर्मचारियों को प्रारंभिक चेतावनी संबंधी जानकारी प्रसारित की जाए। ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत भवनों में शीत लहर से बचाव के उपाय से संबंधित प्रचार प्रसार करने, शीतलहर से प्रभावित होने पर प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक उपचार बॉक्स की पर्याप्त संख्या तथा पंचायत भवन में इसकी उचित स्थान पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पीडब्ल्यूडी को सडक़ किनारे बेघर प्रभावित लोगों को आश्रय गृहों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था करने, श्रम विभाग को औद्योगिक एवं अन्य क्षेत्रों के कामगारों को शीतलहर से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और कृषि विभाग को शीतलहर के दौरान स्प्रिंकलर सिंचाई को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है। शीतलहर के चलते न्यूनतम तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जबकि अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। धूप खिलने के बावजूद गलन बरकरार रही। शहर सहित आस-पास के क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह से तेज धूप खिली। धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। आमजन दिनभर धूप सेकते रहे। शाम को सूर्यास्त के साथ ही तापमान में एकाएक गिरावट आ गई। इससे सर्दी तेज हो गई और गलन शुरू हो गई। बफीली हवाओं के कारण लोगों का वाहन चलाना मुश्किल हो गया। सडक़ों पर सन्नाटा पसरने लग गया। लोग अलाव तापकर सर्दी से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए। मौसम विभाग के जानकारों के अनुसार गुुरुवार को अधिकतम तापमान 23.5 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 22.2 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा था। आगामी एक-दो दिन सर्दी के तेवर तीखे रहने की उम्मीद जताई जा रही है।