हिमाचल के आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी, गर्मी से मिलेगी राहत

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आज झमाझम बारिश हो रही है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से भी काफी राहत मिल रही है। खासकर मैदानी इलाकों में लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हुआ है। बारिश होने से तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है।
बता दें पूरे प्रदेश से मानसून की वापसी इस महीने के आखिर तक होगी। 25 सितंबर के बाद मानसून राज्य से विदा हो सकता है। उधर, मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार सोलन, ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चार जिले शिमला, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में यलो अलर्ट दिया गया है।
इसके अलावा कुल्लू, लाहौल स्पीति, चंबा और किन्नौर के कुछ एक क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में 24 सितंबर तक हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 28 सितंबर तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
