चूड़धार चोटी पर सीजन का तीसरा हिमपात, तापमान शून्य से नीचे

हरिपुरधार। धार्मिक पर्यटन स्थल चूड़धार चोटी पर शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और हल्की बूंदाबांदी के साथ बर्फबारी भी हुई। यहां सीजन का तीसरा हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद तापमान शून्य से नीचे चला गया है। चूड़धार में बर्फबारी के चलते अधिक ऊंचाइयों वाले स्थानों पर तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।

वहीं कड़ाके की सर्दी के साथ निचले क्षेत्रों में शीतलहर से ठिठुरन बढ़ गई है। चूड़धार मंदिर के सेवादार सोहन ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार रात को यहां 30 से 40 यात्री पहुंचे हुए थे। शनिवार प्रात: शिरगुल मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्हें यहां से वापस अपने घर भेज दिया गया। मौसम को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि चूड़धार यात्रा न करें।