ब्यास नदी के किनारे पड़ा हुआ मिला 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव

हमीरपुर। जिले हमीरपुर के नादौन विधानसभा में ब्यास नदी के किनारे से एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान 75 वर्षीय घुगी देवी, पत्नी रेलू राम गांव लोअर घनाला, तहसील संधोल, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घुगी देवी का शव ब्यास नदी के किनारे पड़ा हुआ था। जब किसी व्यक्ति ने उसका शव वहां पड़ा हुआ देखा तो उसने तुरंत इस बाबत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की।
प्रथम दृष्टया लग रहा है कि शव नदी में बहकर यहां तक पहुंचा है। जब श्मशान घाट की ओर नदी का जलस्तर कुछ घटा तो शव दिखाई दिया। महिला के एक बाजू पर कंगन के अलावा और कुछ नहीं है। एसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
