
धर्मशाला। कांग्रेस पार्षद नीनू शर्मा बुधवार को धर्मशाला नगर निगम की महापौर चुनी गईं, जबकि भाजपा पार्षद तेजिंद्र कौर उप महापौर नियुक्त की गई हैं। नीनू शर्मा वॉर्ड नंबर कश्मीर हाउस की पार्षद को महापौर पद के लिए कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया था, जबकि भाजपा की तरफ से वॉर्ड नंबर दो भागसू की मोनिका पठानिया प्रत्याशी थी। इस पद के लिए मतदान हुआ तो उसमें नीनू शर्मा व मोनिका पठानिया को बराबर बराबर नौ -नौ मत मिले। महापौर के चुनाव में कांग्रेस व भाजपा बराबर रहने के कारण पर्ची सिस्टम को अपनाया गया।

जिसमें बाहर खेल रहे प्रवासी बच्चे सोनू को पर्ची निकालने के लिए हॉल के भीतर बुलाया गया। सोनू ने पर्ची निकाली और यह पर्ची कांग्रेस पार्षद नीनू शर्मा की निकली। इस तरह से नीनू शर्मा को महापौर बनाया गया। जबकि उप महापौर के लिए भाजपा ने वॉर्ड छह कोतवाली बाजार की पार्षद तेजिंदर कौर को अपना बनाया और कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी वॉर्ड नंबर 10 के पार्षद अनुराग धीमान को बनाया। मतदान हुआ जिसमें भाजपा को 10 व कांग्रेस को आठ मत मिले और इसमें तेजिंद्र कौर विजयी रही। चुनाव अधिकारी व उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। जिसमें महापौर के लिए नीनू शर्मा व उप महापौर के लिए तेजिंद्र कौर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई गई।