रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवानों ने पुन्हाना व बिछोर क्षेत्र का दौरा कर किया पौधारोपण

पुन्हाना। रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने बटालियन कमांडेंट राकेश कुमार के नेतृत्व में पुन्हाना व बिछोर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुलिस के साथ जहां पैदल मार्च निकाला, वहीं इलाके के सामाजिक लोगों से बातचीत कर परिस्थितियों को जाना। इस दौरान बटालियन के अधिकारियों ने पुनहाना डीएसपी अशोक कुमार से भी मुलाकात की। बटालियन कमांडेंट राकेश कुमार ने बताया इस दौरान क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील, अति संवेदनशील तथा विभिन्न संस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने इलाके के सामाजिक लोगों से बातचीत कर हाल ही में हुए दंगों की स्थिति के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी ली। जिससे कानून व्यवस्था खराब होने पर स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान बिछोर थाना परिसर व अन्य जगहों पर पुलिस के जवानों व सामाजिक लोगों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम भी किया गया। जिसके तहत बटालियन के जवानों व पुलिस के जवानों ने पेड़ लगाए और आम लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर बटालियन के उप कमांडेंट सुनील कुमार, सह कमांडेंट विजय कुमार, निरीक्षक रामानंद बिश्नोई, उप निरीक्षक योगेंद्र बसिथ, कृपाराम बिछोर थाना प्रभारी मलखान सिंह, पुन्हाना थाना प्रभारी अरविंद कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।
