नाबालिग से बुजुर्ग ने किया बलात्कार, मुकदमा दर्ज

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ अधेड़ द्वारा दुष्कर्म करने के मामले में पास्को एक्ट बलात्कार और दलित उत्पीड़न की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हैं। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में अधेड़ आरोपी अशोक बाजपेई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बतादें कि, आरोपी जयारोग्य चिकित्सालय में पदस्थ था। रिटायर्ड होने के बाद वह बाल्मिक पार्क के पास टापू मोहल्ले नया बाजार में रहने लगा था। उसकी पहचान डॉक्टर कौल नर्सिंग होम के पास रहने वाली एक महिला से थी। जबकि 15 साल की नाबालिग के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है।

वह अपने रिश्तेदारों के यहां डॉक्टर कौल नर्सिंग होम के पास एक मकान में रहती है। वहीं अगस्त के महीने में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के मकान सिंधिया नगर में लड़की के साथ उसकी महिला रिश्तेदार की मदद से अस्पताल के रिटायर्ड कर्मचारी अशोक वाजपेई ने लगभग एक महीने तक दुष्कर्म किया। इसके साथ ही लड़की को धमका कर रखा। लड़की कुछ दिन तक तो शांत रही फिर उसने लगभग तीन महीने बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। मिली जानकारी के अनुसार लड़की नाबालिग है और अनुसूचित जाति वर्ग से आती है। इसलिए पुलिस ने दलित उत्पीड़न और पास्को एक्ट की धाराएं भी बलात्कार के साथ लगाई हैं। फिलहाल आरोपी और उसकी सहयोगी महिला आकांक्षा मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।