मौसम साफ होते ही घरों से बाहर निकले लोग, खिली धूप में चमक उठे बर्फीले पहाड़

कुल्लू। प्रदेश की जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में बर्फबारी के बाद मंगलवार को मौसम साफ हो गया है। साफ मौसम में खिली धूप से बर्फीले पहाड़ चमक उठे हैं। स्पीति के लोगों ने खिली धूप में घरों की ऊपर पड़ी बर्फ को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। रंगरीक में घरों की छत्तों से बर्फ हटाने का कार्य शुरू हो गया है।
इसके अलावा मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग की बात करें, तो यहां भारी बर्फ के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। दारचा-शिंकुला मार्ग, पांगी-किलाड़ मार्ग, ग्रांफो से काजा मार्ग, सुमदो-लोसर मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ा है, वहीं बीआरओ ने अटल टनल रोहतांग के आसपास मार्गों की बहाली का कार्य आरंभ कर दिया है। उधर, स्नो एंड एवलांच स्टडी एस्टेवलिशमेंट (सासे) मनाली ने भी मौसम साफ होने पर जगह-जगह हिमस्खलन व ग्लेशियर गिरने की चेतावनी जारी की है।
