प्रवर्तन निदेशालय भी छानबीन में जुटा, जांच दायरे में 5 महिलाएं भी शामिल

शिमला। हिमाचल सहित कई राज्यों में फैले क्रिप्टो करंसी फ्रॉड की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी अपने स्तर पर जांच कर रहा है। इसके तहत 5 महिलाओं के साथ ही 16 अन्य व्यक्ति ईडी के राडार पर बताए जा रहे हैं। इनमें हेम राज पर एसआईटी पहले ही शिकंजा कस चुकी है। सूचना के अनुसार कोर्वियो, वॉस्क्रो, हाइपेनेक्सट और कुछ अन्य संस्थाओं से जुड़े मामलों में पंजाब जीरकपुर निवासी एक महिला की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। इसी तरह हमीरपुर की 2, ऊना व बद्दी निवासी 2 अन्य महिलाओं की संलिप्तता को लेकर भी ईडी तथ्य खंगाल रही है, साथ ही हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, बद्दी व किन्नौर जिले से जुड़े 16 व्यक्तियों के संदर्भ में भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। गौर हो कि प्रवर्तन निदेशालय ने बीते अगस्त माह में प्रदेश पुलिस विभाग के साथ पत्राचार किया था।

सूत्रों के अनुसार इसके तहत कोॢवयो, वॉस्क्रो, हाइपेनेक्सट और कुछ अन्य संस्थाओं सहित 21 लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर जानकारियां मांगी गई थीं। ईडी ने जो सूची सौंपी थी, उसमें से कई चेहरे क्रिप्टो करंसी फ्रॉड की जांच में जुटी एसआईटी के निशाने पर भी हैं। क्रिप्टो करंसी फ्रॉड में शिकंजा कसता देख कई आरोपी भूमिगत हो चुके हैं। एसआईटी को इस मामले में अभिषेक शर्मा नामक एक व्यक्ति की भी तलाश है, जो ऊना का रहने वाला बताया जा रहा है। इसके साथ ही जांच दायरे में चल रहीं कुछ महिलाओं से पूछताछ की प्रक्रिया अमल में लाई जा चुकी है। क्रिप्टो करंसी घोटाले में कई चेहरे पहले से ही ईडी के राडार पर थे। इसी के परिणामस्वरूप जांच एजैंसी ने पुलिस से कुछ व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज केसों की जानकारी मांगी थी। ईडी की सूची में क्रिप्टो करंसी फ्रॉड का मास्टर माइंड सुभाष टॉप पर है। इसके साथ ही एसआईटी द्वारा गिरफ्तार किए गए हेमचंद का नाम दूसरे और अभिषेक शर्मा का नाम तीसरे स्थान पर है।