भाजयुमो का नवमतदाता सम्मान समारोह संपन्न

छग
डोंगरगांव। भारतीय जनता पार्टी के युवा विंग भाजयुमो द्वारा आज नगर में विधानसभा स्तरीय नवमतदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न ग्रामों से आये लगभग 230 नये मतदाता युवक युवतियों का सम्मान किया गया। विधानसभा चुनाव पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह और छालीवुड स्टॉर अनुज शर्मा ने युवाओं में जोश भरा। भाजपा हाईकमान के निर्देश पर नवमतदाता संपर्क अभियान अंतर्गत आयोजित नवमतदाता सम्मान समारोह के माध्यम से भाजयुमो ने इस विधानसभा क्षेत्र में आज से चुनावी शंखनाद किया। सम्मेलन का शुभारंभ मां भारती, पं. दीनदयाल उपाध्याय, पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन से हुआ। पश्चात् भाजयुमो पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।
स्थानीय सांस्कृतिक भवन में आयोजित सम्मेलन में पहली बार छत्तीसगढ़ पधारे भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह ने युवाओं को ललकारते हुए कहा कि कल तक लोग हमारे देश को बॉलीवुड के कलाकारों के नाम से जानते थे, लेकिन 2014 के बाद पूरा विश्व भारत को मोदी के देश के नाम से जानता है। यह है नीति और नियत में फर्क। इससे पहले तक लोग कहते थे कि भारत की सरकार तो रिमोट से चलती है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत की साख और शान बढ़ाते हुए बताया कि हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं। पुराने समय में हमारे सैनिकों के सिर काटकर दूसरे देश के लोग ले जाकर फुटबाल खेलते थे, लेकिन देश में भाजपा की सरकार आने पर 24 घंटे के अंदर हमने अपने कमान्डो को न सिर्फ वापस लाया वरन् सर्जिकल स्ट्राइक में दुश्मन देश के कई सैनिकों को मौत के घाट भी उतारा। यह है हमारे एक वोट की ताकत।
राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह ने आगे कहा कि देश में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं बचा है जो मोदी सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का आज लाभ नहीं उठा रहा हो। भाजपा ने जाति, पंथ, धर्म से ऊपर उठकर देश के सभी भारतीयों को मुफ्त में कोरोना वैक्सिन, चांवल, आवास, शौचालय, उज्जवला गैस, किसान सम्मान निधि आदि अनेकानेक सुविधाएं प्रदान की है। उन्होनें कांगे्रस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जब देश और प्रदेश में शासन किया है, उसने भ्रष्टाचार, घोटालों, तुष्टीकरण, धर्म परिवर्तन को बढ़ावा दिया है। उन्होनें चुटकी लेते हुए युवाओं से कहा कि जितना जरूरी क्रिकेट में भारत को पाकिस्तान को हराना जरूरी है, उतना ही जरूरी यहां कांगे्रस को हराना है।
छालीवुड सुपर स्टॉर अनुज शर्मा ने गीतों के माध्यम से सम्मेलन में शमा बांधते हुए इशारों इशारों में कांग्रेस सरकार की जमकर बखिया उधेड़ी। उन्होनें कहा कि कांग्रेस राज में चहुंओर घोटाला है, दारू घोटाला, नकली दारू घोटाला, कोयला घोटाला, गौठान घोटाला, चांवल घोटाला और अब तो गोबर घोटाला का भी शोर है। ये सरकार तो गोबर तक को खा गई। उन्होनें नवमतदाताओं से कहा कि उनका पहला वोट राम के नाम पर और राम की पार्टी भाजपा को जाना चाहिये। उन्होनें आरोप लगाया कि कांग्रेस ने रमन सरकार की महत्वाकांक्षी तीर्थ यात्रा योजना को बंद कर दिया, जिसके माध्यम से घर के बुजुर्गों को तीर्थों की सैर कराते थे। उन्होनें कहा कि भाजपा की सरकार आने पर यह योजना फिर से शुरू की जायेगी और पहली यात्रा भगवान राम की नगरी की करवाई जायेगी। इसके अलावा उन्होनें अनेक बातों का जिक्र करते हुए युवाओं से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आगामी दिनों में अपना मतदान करने की अपील की। इससे पहले सभा को जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह, जिला संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल, विधानसभा प्रभारी शिव चंद्राकर, पूर्व जिपं अध्यक्ष दिनेश गांधी, भरत वर्मा, पवन जैन प्रेमी, पूर्व विधायक खेदूराम साहू, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष किरण साहू, मंडल अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजयुमो महामंत्री डिकेश साहू व कमलेश सूर्यवंशी ने किया। इस अवसर पर भाजपा, भाजयुमो, महिला मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र से आये हुए नव मतदाता युवक युवती बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
