हनीट्रैप मामले में जाली दस्तावेज पेश करने महिला व युवक के खिलाफ मामला दर्ज

नालागढ़। पुलिस ने हनीट्रैप मामले में दोषी चल रहे महिला व युवक पर जाली दस्तावेज पेश करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा जांच में सहयोग न करने के लिए जमा करवाया चिकित्सा सर्टीफिकेट फर्जी पाया है। इस पर कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ थाना नालागढ़ में एक अन्य एफआईआर दर्ज की और आरोपियों को मेरठ से नालागढ़ लाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों को नालागढ़ कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब पुलिस आरोपियों से पूरे मामले को लेकर पूछताछ करेगी और हनीट्रैप व जाली दस्तावेज से जुड़ी जानकारियां भी हासिल करेगी।

आरोपियों को मेरठ से गिरफ्तार करने के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। आरोपी महिला व युवक उत्तराखंड के रहने वाले हैं, जिन्होंने कुछ माह पहले नालागढ़ के एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए थे। जब पुलिस ने उक्त व्यक्ति की नहीं सुनी तो कोर्ट में याचिका दायर कर हनीट्रैप की शिकायत दी। इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। उसके बाद पुलिस ने उत्तराखंड की महिला के खिलाफ हनीट्रैप समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। वहीं आरोपियों ने पुलिस जांच से बचने के लिए फर्जी सर्टीफिकेट भी जमा करवाए। डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि महिला व युवक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 7 दिन का पुलिस रिमांड लिया है।