प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने रेता बाप का गला, फैली सनसनी

प्रयागराज। प्रयागराज में प्रॉपर्टी विवाद में एक बेटे ने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। बंटवारे के झगड़े में बेटे धीरेंद्र ने लकड़ी के पाया से पिता के सिर पर वार कर दिया। जिससे वो बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े, उसके बाद चाकू से गला रेत दिया। ये वारदात गुरुवार रात 10.30 बजे हुई। परिवार ने रात करीब 12.30 बजे पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की जा रही है। मामला अतरसुइया इलाके का है। अतरसुइया में रहने वाले हंसराज सिंह (65) के दो बेटे हैं। बड़े बेटे का नाम धीरेंद्र सिंह है और छोटे बेटे का नाम देवेंद्र सिंह। गुरुवार रात धीरेंद्र और पिता हंसराज के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। उस समय रात को करीब साढ़े 10 बज रहे थे। धीरेंद्र चाहता था कि मकान का बड़ा हिस्से उसे मिले। जबकि हंसराज तैयार नहीं थे।
इसी दौरान धीरेंद्र ने घर में रखे लकड़ी के पाया को उठा लिया और अपने पिता की तरफ दौड़ा। छोटे बेटे देवेंद्र और मां ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उनके ऊपर भी हमलावर हो गया। उसके सिर पर खून सवार था। दोनों वहां से हट गए और अपने को एक कमरे में बंद कर लिया। धीरेंद्र ने इसके बाद अपने पिता के सिर और शरीर पर लकड़ी के पाया से कई वार कर किए। इसके बाद उनका गला भी रेत दिया। हंसराज की वहीं पर मौत हो गई। धीरेंद्र वहां से भाग निकला। बाद में छोटे बेटे देवेंद्र और मां हंसराज को लेकर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय गए। जहां डॉक्टरों ने हंसराज को मृत घोषित कर दिया। अतरसुइया इंस्पेक्टर राजेश यादव ने बताया कि धीरेंद्र नशे का आदी है। बाप भी नशा करते हैं। गुरुवार की रात नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद धीरेंद्र ने हंसराज पर लकड़ी के पाये से हमला कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय से भेज दिया गया है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक जांच टीम ने नमूने एकत्र किए हैं। धीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। उसने पूछताछ में अभी केवल इतना बताया है कि पिता उसके साथ भेदभाव करते थे। उसे प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं देना चाहते थे। छोटे भाई के नाम प्रॉपर्टी करना चाहते थे। इसी बात को लेकर गुस्सा आ गया और वार कर दिया।
