भीषण सड़क हादसे में प्लंबर की दर्दनाक मौत

पानीपत। पानीपत जिले के समालखा कस्बे में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास से बरामद दस्तावेजों से उसकी पहचान कर परिजनों से संपर्क किया गया। शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है।

मनीष ने बताया कि वह गढ़ी केसरी गांव गन्नौर सोनीपत का रहने वाला है। उसका साला अमन (20) मूल रूप से ककोर खुर्द, जिला बागपत, यूपी का रहने वाला था। वह पिछले काफी समय से गन्नौर में उसके पास रहता था। वह पेशे से प्लंबर था। बीती रात 9 बजे भिगान गांव में काम करने की बात कह कर गया था। देर रात करीब साढ़े 3 बजे उनके पास पुलिस का फोन आया। जिन्होंने हादसे में अमन की मौत की सूचना दी। अमन का एक्सीडेंट गांव पट्टीकल्याणा और समालखा के बीच हुआ। वह यहां किस लिए आया था, इसके बारे में पता नहीं लगा, लेकिन उसके साथ रहने वाले युवक का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है।