नशा तस्कर ने पुलिस कांस्टेबल पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिला बिलासपुर में एक चिट्टा सहित पकड़े आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल पर पत्थरों से हमला किया और पीठ पर दांतों से काटा है। यह मामला बिलासपुर के भराड़ी थाना के तहत टांडा लवाणा इलाके से सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगमो कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान सोमनाथ उर्फ सोनू निवासी लवाणा टांडा के रूप में हुई है। हमले के बाद घायल पुलिस कांस्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि कांस्टेबल के सिर में चार टांके लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, टांडा लवाणा क्षेत्र में पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। उसी दौरान उनके सामने से जा रहा व्यक्ति अचानक पुलिस की गाड़ी को भागने लगा। जिसके बाद पुलिस शक के आधार पर उसके पीछे भागी और थोड़ी ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पुलिस के पकड़ने पर सोमनाथ ने पुलिस कांस्टेबल पर पत्थर से हमला किया और भागने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान सोमनाथ ने पुलिस कांस्टेबल की पीठ पर दांतों से काट दिया। लेकिन वह पुलिस की पकड़ से भाग नहीं सका। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सोमनाथ की तलाशी ली और उन्हें सोमनाथ से 1.12 ग्राम चिट्टा भी बरामद हुआ।
वहीं पुलिस ने सोमनाथ के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। मामले की पुष्टि चंद्रपाल डीएसपी घुमारवीं ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर इससे पहले भी करीब 13 मामले दर्ज हैं।
