एशियन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को मिलेंगे 15-15 लाख रुपए

शिमला। हाल ही में चीन के हवांगझाऊ में आयोजित एशियन खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को सरकार 15-15 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान करेगी। 29 सितम्बर से 8 अक्तूबर, 2023 तक आयोजित एशियन खेलों में हिमाचल के 6 खिलाड़ी पदक विजेताओं में शामिल रहे जबकि 7 अन्य खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया। कबड्डी के महिला वर्ग में सिरमौर जिला की रितु नेगी, पुष्पा और कुमारी सुषमा, बिलासपुर की कुमारी निधि शर्मा, सोलन की कुमारी ज्योति तथा कबड्डी के पुरुष वर्ग में ऊना जिले के विशाल भारद्वाज स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे हैं। इन सभी 6 खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिलासपुर जिले की दीक्षा कुमारी, प्रियंका ठाकुर व शालिनी ठाकुर, सोलन जिले की निधि शर्मा, मिताली शर्मा, भावना एवं मेनका ने हैंडबाल स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व किया। इन सभी 7 खिलाडिय़ों को 1-1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा वर्ष 2022 में राष्ट्र मंडल खेलों में पदक जीतने वाले तीन खिलाड़ियों रेणुका ठाकुर, विकास ठाकुर तथा आशीष कुमार को पुरस्कार स्वरूप 63 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार हिमाचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कृत संकल्प है। इसी कड़ी में हाल ही में चीन के हवांगझाऊ में आयोजित एशियन खेलों के पदक विजेता हिमाचली खिलाडिय़ों को सरकार द्वारा लगभग 1 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।