महंगाई रोकने के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस डाल रही जनता पर बोझ: चेतन बरागटा

शिमला। महंगाई रोकने का वायदा कर सत्ता में आई कांग्रेस ने आते ही हिमाचल की जनता पर बोझ डाल दिया। डीजल के दामों में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। तीन महीने बाद दोबारा 3.50 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दी, जिस कारण जनता पर भारी बरसात के साथ कांग्रेस सरकार की मार पड़ रही है। यह बात भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा ने कही। उन्होंने कहा कि पिछले 8 महीनों में खाद्य तेलों के दाम राशन डिपुओं में 2 बार बढ़ गए। डिपुओं में दालों के दाम 16 रुपए प्रतिकिलाे बढ़ाना प्रदेश की जनता के साथ धोखा है।
भारी बरसात के कारण गरीब जनता वैसे ही परेशान है, ऊपर से दालों और डीजल का रेट बढ़ा कर प्रदेश सरकार ने जनता पर दोहरी मार की है। प्रदेश सरकार की इस कार्यप्रणाली से प्रदेश की जनता परेशान है। चेतन बरागटा ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलैंडर के दामों में 200 रुपए की कटौती की गई है, जिससे दिल्ली में अब घरेलू गैस सिलैंडर के दाम घटकर 903 रुपए हो गए हैं। ऐसे में जिन महिलाओं के पास उज्ज्वला योजना के गैस सिलैंडर हैं। उन्हें अब सिलैंडर भरने के लिए 400 रुपए कम अदा करने होंगे।
