10 हजार का इनामी गौ तस्कर गिरफ्तार

गौतम बुद्ध नगर। ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक गो तस्कर को गिरफ्तार किया है।यह करीब 2 वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने इसके पर 10000 रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। दरअसल नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने 2 वर्षों से गो तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुस्तकीम नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है। फिलहाल शाहीन बाग दिल्ली में रह रहा था। रविवार को पुलिस ने इसे थाना क्षेत्र के ईशान कट के पास से गिरफ्तार किया है। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 2 फरवरी 2021 को गो रक्षा हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद और कार्यकर्ताओं ने एक शिकायत देते हुए बताया था।
एक गाड़ी का एक्सीडेंट सेक्टर 162 के पास हो गया था। जब वे मौके पर पहुंचे तो पाया कि गाड़ी में प्रतिबंधित मांस भरा हुआ था। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। जब गाड़ी को चेक किया गया तो उसमें से एक मोबाइल मिला। जिस पर एक नंबर से मिस कॉल आ रही थी। इसको लेकर गो रक्षकों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और इसकी जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है, जबकि मुस्तकीम फरार चल रहा था। इस पर 10000 रुपए का इनाम घोषित था।रविवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
