उत्तरकाशी में सुरंग धंसने से फंसे श्रमिकों के रेस्क्यू में आई रूकावट

रांची। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सुरंग धंसने से फंसे श्रमिकों के रेस्क्यू में रूकावट आई है। यह जानकारी 15 नवंबर को झारखंड के प्रतिनिधिमंडल को उत्तरकाशी के जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक रोहिला ने दी। प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर प्रारंभ से हो रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी जानकारी प्राप्त की। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि कल रात से जो रेस्क्यू की प्रक्रिया चल रही थी, उसमें रुकावट आयी है। मशीन ख़राब हो गयी है। साथ ही, पत्थर आ जाने के कारण रेस्क्यू करने में रुकावट हुई है।

इस कारण एयरलिफ्ट कर पाइपलाइन एवं मशीन मंगाई जा रही है। जिला प्रशासन भी सक्रियतापूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहा है। झारखंड के पदाधिकारियों ने 7-8 किलोमीटर की दूरी पर उत्तरकाशी में होटल अनंतम ब्रह्मखाल में एक प्रवासी नियंत्रण कक्ष खोल दिया है। यहां से श्रमिकों या उनके शुभचिंतकों को कोई भी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है। बताते चलें कि उत्तरकाशी में झारखंड आपदा की तीन सदस्ययी टीम पहुंची है। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन ने सुरंग में फंसे 40 श्रमिकों की सूची कंट्रोल रूम को साझा की। इस सूची में झारखंड के 15 श्रमिक भी शामिल हैं।