नायब सैनी के कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी की गुंडागर्दी

कैथल। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के स्वागत समारोह में पार्टी के ही पदाधिकारी ने जमकर बवाल काटा। हंगामा इतना बढ़ गया कि खुद डीएसपी ललित कुमार को कमान संभालनी पड़ी, परंतु फिर भी भाजपा का पदाधिकारी नहीं माना। वह कार्यक्रम स्थल में असलहा अंदर लेकर जाने की जिद पर अड़ा रहा। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी ने पुलिस के साथ हाथापाई पर उतर आया। उसके बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र पुंडरी को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ के लिए थाने में ले जाया गया।

बता दें कि आज भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी का कैथल भाजपा के पार्टी कार्यालय कपिल कमल में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के साथ स्वागत के लिए राज्यमंत्री कमलेश ढांडा और कैथल विधायक लीलाराम गुर्जर सहित सरकार के दो चेयरमैन अपने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे थे।
इन सब के बीच पुंडरी विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में एसई मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र पुंडरी भी पहुंचे थे, जो अपने साथ असलहा लिए हुए थे। जैसे ही वह अंदर जाने लगे तो पुलिस ने उनको अंदर जाने से रोक लिया। जिसके बाद पुलिस के साथ बहस करने लगे। पुलिस ने उनको अंदर जाने से मना किया तो उसने वहीं पर बवाल मचाना शुरू कर दिया। अंदर जाने की जिद करने लगा तभी मौके पर पहुंचे डीएसपी ललित कुमार ने उनको समझने की बहुत कोशिश की, परंतु भाजपा पदाधिकारी अंदर असलहा लेकर अंदर जाने की जिद पर अड़ा रहा। जब बवाल ज्यादा बढ़ गया तो मौके पर पहुंचे डीएसपी ललित कुमार व सिविल लाइन एसएचओ अमित कुमार ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र पुंडरी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गए।
मामले के बारे में जानकारी देते सिविल लाइन एसएचओ अमित कुमार ने बताया आज बीजेपी पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी का स्वागत समारोह का प्रोग्राम था। जिसमें राज्य मंत्री विधायक व अन्य गणमान्य व्यक्ति पहुंचे हुए थे। इस बीच पूंडरी से पार्टी का कार्यकर्ता धर्मेंद्र सिंह भी प्रोग्राम में अपना असलहा लेकर पहुंचा था। जिसको सुरक्षा और प्रोटोकॉल के मद्देनजर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ करके यदि उसके पास असलहे का लाइसेंस है तो उसे छोड़ दिया जाएगा।