नाकाबंदी पर टैक्सी से 628 ग्राम चरस बरामद, हरियाणा के 2 युवक गिरफ्तार

कुल्लू। पुलिस ने ऊच धार के पास हरियाणा के 2 युवकों को 628 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी को चैकिंग के लिए रोका गया, जिसमें 2 युवक सवार थे। तलाशी के दौरान टैक्सी से चरस बरामद हुई जोकि तोलने पर 628 ग्राम पाई गई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान सुशांत पुत्र आजाद सिंह निवासी खेरकी डाला गुड़गांव हरियाणा और तिलक सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी गांव बड़ा सैक्टर-85 गुड़गांव के रूप में हुई है। एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
