घर में घुसकर महिला की हत्या, लेकिन ये है उससे भी हैरान करने वाली बात!

हरिद्वार: उत्तराखंड के इस शहर में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया। घर में घुसकर महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। मर्डर करने के बाद सभी हत्यारोपी मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात है कि हत्या के वक्त उत्तराखंड पुलिस के मुखिया डीजीपी अशोक कुमार हरिद्वार शहर के दौरे में थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र के शिवनगर रानी गली (भूपतवाला) में शुक्रवार को घर में घुसकर एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्टया लूट के इरादे से हत्या को अंजाम देने की बात सामने आई है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के निर्देश दिए।
भूपतवाला क्षेत्र के मुखिया गली में पेशे से टेलर का काम करने वाले महेश सैनी परिवार के साथ रानी गली में रहते हैं। रोज की तरह वह सुबह दुकान गए थे। बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा बड़ा बेटा अभय सैनी कॉलेज गया था। छोटा बेटा जय सैनी शहर में ही एक विवि के हॉस्टल में रहता है।
बड़ा बेटा दोपहर में कॉलेज से वापस लौटा तो, घर के बाहर दरवाजे पर कुंडी लगी थी। अंदर जाने पर उसकी मां ममता सैनी (41) जमीन पर अचेतवस्था में पड़ी थी। नाक-मुंह से खून निकल रहा था और जीभ बाहर निकली थी। पास में ही एक चुन्नी पड़ी हुई थी।
घर में सामान भी बिखरा था। उसने पिता को फोन किया। परिवार ममता को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला की हत्या कर देने की वारदात से सनसनी फैल गई।
पुत्र ने पुलिस को बताया कि मां के पहने कुंडल, चेन गायब मिले। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि लूट के पहलू से लेकर अन्य एंगल पर जांच की जा रही है।
उत्तराखंड पुलिस के मुखिया- डीजीपी अशोक कुमार की अगवानी में हरिद्वार पुलिस पूरी तरह से व्यस्त थी, तो दूसरी ओर घर में घुसकर दिनदहाड़े एक महिला के कत्ल की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। महिला का बेरहमी से कत्ल कर हत्यारे फरार हो गए।
वारदात के बाद आम लोगों की भीड़ एकत्र होने पर पुलिस फोर्स ने घटनास्थल का रूख किया। महिला की हत्या का पता तब चला जब परिजन शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, उसके बाद उन्होंने पुलिस को खबर दी। पुलिस को जब कत्ल की खबर दी गई तब शहर कोतवाली पुलिस उस कार्यक्रमस्थल पर थी।
जहां पुलिस मुखिया अशोक कुमार पहुंचे हुए थे। दिनदहाड़े महिला की हत्या से शिवनगर से लेकर आसपास के क्षेत्र के लोग सहम गए। जिसे भी पता चला वह घटनास्थल पहुंच गया। हर कोई शहर कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर टिप्पणी करता दिखाई दिया।
पब्लिक बोली कि जब आम आदमी घर में सुरक्षित नहीं है, फिर भला घर की चौखट लांघने पर उनकी सुरक्षा की क्या गारंटी है। दूसरी ओर, पुलिस का दावा है कि मर्डर की गुत्थी को जल्द ही सुलझा लिया जाएग। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई गईं हैं।