
नाहन। वर्ष का पहला त्योहार लोहड़ी जिला सिरमौर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नाहन में देर शाम को विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, नवयुवक मंडलों इत्यादि संगठनों ने स्थान-स्थान पर अलाव जलाकर लोहड़ी का पर्व पर अग्निदेव को श्रद्धा भेंट अर्पित की। वहीं लोगों ने जिला में एक-दूसरे को लोहड़ी पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देने का सिलसिला सुबह से शुरू कर दिया था। जबकि सायं को नाहन के नया बाजार के मजदूर चौक, बड़ा चौक, गुन्नूघाट, हिंदू आश्रम क्षेत्र में लकड़ी के ढेर एकत्रित कर अलावा जलाकर लोहड़ी पर खूब मूंगफली, तिल लड्डू, गजक, रेवडिय़ां इत्यादि का आदान-प्रदान किया गया। रियासतकालीन नाहन शहर में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर एक-दूसरे के त्योहारों में शरीक होते हैं।

जो कि यह परंपरा रियासतकालीन दौर से ही चली आ रही है। इसी कड़ी में वर्तमान दौर में भी यह झलक लोहड़ी पर्व पर शनिवार को देखने को मिली। नाहन के नया बाजार लेबर चौक में मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठ सदस्य इसरार मोहम्मद ने लोहड़ी का अलाव तैयार किया। जिसमें हिंदू मुस्लिम ने एकत्रित होकर लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया। उधर, गिरिपार क्षेत्र में लोहड़ी पर्व पर सैकड़ों बकरों पर डांगरे के वार चले। इस कड़ी में लोहड़ी के दिन मांसाहारी दावतों का दौर चलता है। उधर, जिला के उपमंडल पांवटा साहिब, ददाहू, सराहां, राजगढ़ क्षेत्र में लोहड़ी का पर्व स्थान-स्थान पर अलाव जलाकर व तिल, रेवडिय़ों का वितरण कर मनाया गया। भगवान सूर्य देव के मकर राशि में प्रवेश के लिए मंदिरों में कमेटियों ने खिचड़ी घी के भंडारे, विशेष पूजा अर्चना के लिए तैयारियां की।