मुख्यमंत्री की तरफ से पर्यटकों को लेकर दिया गया बयान गैर-जिम्मेदाराना: रणधीर शर्मा

शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा मीडिया संयोजक एवं विधायक रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तरफ से पर्यटकों को लेकर दिए गए बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस बयान से प्रदेश में असामाजिक तत्व प्रवेश कर सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इसके अलावा राज्य में नशे के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। रणधीर शर्मा यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है तथा उन्हें इसे तुरंत वापस लेना चाहिए, ताकि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर सके। उन्होंने कहा कि कहा कि मुख्यमंत्री एक तरफ जहां पर्यटकों को हर तरह की छूट देने की बात कर रहे हैं, वहीं प्रदेश वासियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कर रहे हैं। ऐसे दोहरे मापदंडों से प्रदेश सरकार का हिमाचल प्रदेश की जनता के प्रति व्यवहार का पता चलता है।

रणधीर शर्मा ने कहा कि 12 महीने में 12 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेने वाली सरकार ने झूठी गारंटियां देकर विधानसभा चुनाव के समय प्रदेश की जनता को ठगा। अब सरकार कानून व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल में वर्तमान सरकार ने प्रदेश की जनता पर बोझ डालने के अलावा दूसरा कोई कार्य नहीं किया है। प्रदेश में 1500 संस्थान बंद करना, डीजल के दामों में 6 रुपए प्रति लीटर की बढ़ौतरी करना, सीमैंट के बैग में 10 रुपए की बढ़ौतरी करना, बिजली की दरों में 19 फीसदी बढ़ौतरी करना, स्टांप ड्यूटी में बढ़ौतरी करना, आऊटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालना एवं प्रदेश के मंदिरों में दर्शनों पर श्रद्धालुओं पर फीस लगाने जैसे कार्य एक वर्ष के कार्यकाल में हुए हैं। भाजपा ऐसी जनविरोधी सरकार की निंदा करती है। इन सभी विषयों को भाजपा लोकसभा चुनाव के दौरान जनता के बीच ले जाएगी।