
रायपुर। महिला थाने की पुलिस ने एक महिला की रिपोर्ट पर उसके पति पर तीन तलाक अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं आरोपित के पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल दाखिल कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोलबाजार थाना क्षेत्र निवासी महिला की शिकायत पर उसके पति हैदराबाद निवासी आदिल मोजाना और उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित पति प्रताड़ित करने के साथ अप्राकृतिक कृत्य करता था। इससे व्यथित होकर वह पिछले तीन महीने से अपने मायके में रह रही है। पति ने समझौता करने के लिए जमात के सामने आवेदन दिया था। इसके बाद महिला के पति को समाज के लोगों ने शनिवार को समझौता करने के लिए बुलाया। दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी। इसी बीच आदिल ने पत्नी को जमात के सामने दो बार तलाक बोला। इसके बाद बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ।

महिला ने पुलिस को बताया कि जामात के बीच मामला शांत होने के बाद पति खाना खिलाने बैजनाथपारा स्थित एक होटल लेकर गया था। इस दौरान महिला की मां भी साथ में थी। महिला ने आरोप लगाया है कि खाकर जब वे होटल से बाहर निकले, तब उसे उसके पति ने तीन बार तलाक..तलाक बोलकर उससे संबंध विच्छेद कर लिया। महिला ने रात में ही आवेदन तैयार कर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के तत्काल बाद पुलिस ने महिला के पति और पिता को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार दोनों साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शादी के बाद दंपती एक कंपनी में बहरीन में नौकरी करने पहुंचे। महिला ने आरोप लगाया है कि बहरीन में उसका पति उसे प्रताड़ित करता था। मोबाइल भी छीन लिया था। इसके बाद उसने घटना की जानकारी बहरीन पुलिस को दी, तब उसके पति ने वहां उससे समझौता किया और उनका मोबाइल वापस लौटाया। विवाद के बाद पति सिंगापुर शिफ्ट हो गया था।