क्रिप्टो करंसी स्कैम: जांच दायरे में 60 से अधिक निवेशक

शिमला। क्रिप्टो करंसी स्कैम में करोड़ों का प्रॉफिट लेने वाले कई निवेशक एस.आई.टी. का शिकंजा कसता देख अब अदालतों के चक्क र काट रहे हैं। इस घोटाले में 70 से 80 व्यक्ति ऐसे हैं, जिन्होंने 2 करोड़ से अधिक का प्रॉफिट लिया तथा अब वे एस.आई.टी. के जांच दायरे में चल रहे हंै। कुछ की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि कुछ अग्रिम जमानत के लिए अदालतों की शरण में पहुंच गए हैं। इसी तरह कुछ आरोपी भूमिगत हो गए हैं। एस.आई.टी. जांच में खुलासा हुआ है कि करोड़ों के स्कैम में जिन 4 पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी हुई है, उन्होंने भी 2 करोड़ से अधिक का प्रॉफिट लिया। इसके तहत खंगाला जा रहा है कि पूरे स्कैम में किसकी क्या-क्या संलिप्तता रही है। सूत्रों की मानें तो कुछ गिरफ्तारियों के बाद अब 60 से अधिक निवेशक एस.आई.टी. के जांच दायरे में हैं।

ऐसे में जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। डी.जी.पी. संजय कुंडू पहले ही स्पष्ट कर चुके हंै कि 2 करोड़ से अधिक का प्रॉफिट लेने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। इससे कई निवेशकों में हड़कंप मचा हुआ है। एस.आई.टी. ने जांच के तहत बाहरी राज्यों में भी अपना जाल बिछाया हुआ है। इसके साथ ही केंद्रीय एजैंसियों व बाहरी राज्यों की पुलिस के साथ भी एस.आई.टी. तालमेल बनाए हुए है। सूत्रों की मानें तो पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड सुभाष 200 करोड़ से अधिक की राशि डकार गया। इस स्कैम के नाम पर 2500 करोड़ की ट्रांजैक्शन होने के तथ्य सामने आए हैं। एस.आई.टी. जांच के तहत यह खंगाल चुकी है कि किस निवेशक ने कब कितना निवेश किया और उसे रिटर्न में कितनी राशि मिली या नहीं मिली। ऐसे में अब उसी रिकार्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। इसके तहत सबसे पहले करोड़ों रुपए का प्रॉफिट लेने वालों पर शिकंजा कस उनकी संपत्तियों को सीज किया जा रहा है।