तेज़ धमाके में 4 मकानों के दीवार टूटे, 4 लोग घायल

आगरा। आगरा की कांशीराम आवास कॉलोनी में बड़ा हादसा हो गया। यहां शुक्रवार को मकान में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि जद में आए 4 मकान टूट गए। यही नहीं, कई मकानों में दरारें आ गईं। हादसा में 4 लोग घायल हो गए। पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में कांशीराम आवास है। यहां पर ई-ब्लॉक में मकान नंबर 16/31 में दिलीप कुमार परिवार के साथ रहते हैं। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त घर में दिलीप की पत्नी विमला देवी, बेटी स्नेहा, प्रियंका और मुकेश मौजूद थे।

पड़ोसी लखन ने बताया, ”सुबह 10 बजे वो घर में थे। अचानक तेज धमाका हुआ। उनके मकान की दीवार हिल गई, तभी उन्हें लोगों की चीख-पुकार सुनाई दी। बाहर आए तो देखा आस-पास के मकान टूट गए थे। मलबा बिखरा पड़ा था। सभी लोग नीचे की तरफ भाग रहे थे। वो भी नीचे भागे।” पुलिस ने बताया कि दिलीप के घर में तीन सिलेंडर रखे थे। छोटे सिलेंडर में धमाका हुआ है। दो सिलेंडर सही मिले है। सभी घायलों को उपचार के लिए SN मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि चारों करीब 40% तक झुलस गए। हादसे में चार मकान की छत और बाउंड्री टूट गई है। मलबे में एक बाइक भी दब गई है। यहां रहने वालों ने मदद करते हुए बचाव के काम शुरू किए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। उनका कहना था कि चार साल पहले वो कांशीराम आवास में आए हैं। चार साल में की मकान जर्जर हो गए। धमाका होने के बाद उनके मकान की दीवार भी हिल गई। कहीं कोई हादसा न हो जाए, इसलिए वो भी अपने घर में जाने से डर रहे हैं। पड़ोसियों का कहना था कि मकान में दो बडे़ सिलेंडर सुरक्षित हैं। छोटे सिलेंडर से इतना तेज धमाका नहीं हो सकता। कोई कह रहा था कि गैस गीजर का धमाका हुआ है। धमाका इतनी तेज था कि 500 मीटर दूर बस्ती के लोगों ने आवाज सुनी। वो भी भागे चले आए। महिलाओं का कहना है कि पूरी बिल्डिंग जर्जर हो रही है। रहने में डर लगता है। धमाके में चार मकान टूट गए। कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। बरसात के समय मकानों में रहने में डर लगता है। कई बार मरम्मत के लिए अधिकारियों से मांग की है, लेकिन कोई ध्यान नहीं देता।