
मुंबई : अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान दूरदर्शन पर धूम मचाने वाले धार्मिक धारावाहिक ‘रामायण’ में राम का किरदार निभाकर लाखों-करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले एक्टर अरुण गोविल रामलला के दर्शन नहीं कर सके। अरुण अयोध्या जाने के बावजूद दर्शन से वंचित रह गए। अरुण ने खुद यह पीड़ा बताई थी। अब एक और धार्मिक सीरियल ‘महाभारत’ में भीष्म पितामह का रोल अदा करने वाले मुकेश खन्ना ने भी अरुण का दुख बयां किया है।

View this post on Instagram
मुकेश ने सोशल मीडिया पर एक लंबी-चौड़ी पोस्ट शेयर कर अपनी भड़ास निकाली है। मुकेश ने लिखा कि टीवी के राम अरुण गोविल का अयोध्या में मान हुआ सम्मान हुआ। परंतु उन्हें राम लल्ला जी के दर्शन नहीं हुए। उन्हीं के शब्दों में मेरा सपना पूरा हुआ लेकिन राम लल्ला के दर्शन नहीं हुए। कारण नहीं बताया उन्होंने। लेकिन हम समझ सकते हैं धक्का-धुक्की, आयोजकों का मिस मैनेजमेंट हो सकता है कारण। हैरानी है जिसे पूरा देश राम के नाम पर सम्मान देता है उसे आप इतना मान भी नहीं दे पाए कि उनको राम लल्ला जी के दर्शन करा दें।
मैं यही सोच कर नहीं गया था प्राण प्रतिष्ठा के मुहूर्त पर! गौरतलब है कि मुकेश हमेशा हमेशा अपनी बातों को बेबाकी से रखते हैं। मुद्दा चाहे कुछ भी हो मगर वे अपनी बात खुले तौर पर सबके सामने रखना जानते हैं। उन्हें कुछ पसंद नहीं आता तो वे कड़े शब्दों में इसकी निंदा और आलोचना करते हैं। मुकेश ने टीवी की दुनिया में ‘शक्तिमान’ के रोल से भी खास पहचान बनाई। इसके अलावा वे कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
नोट- खबरों की अपडेट के लिए जनता से रिश्ता पर बने रहे।