आमजन को स्वस्थ रखने में आयुर्वेद की भूमिका अहम: एडीएम नरेश सिंह तंवर

अलवर: आयुर्वेद विभाग की ओर से जिला स्तरीय धन्वंतरि जयंती राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम शुक्रवार को सूचना केंद्र में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एडीएम नरेश सिंह तंवर ने कहा कि समाज को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में आयुर्वेद व चिकित्सकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

आयुर्वेद में वर्णित स्वस्थ रहने के विभिन्न सिद्धांतों को सरल रूप में आमजन तक पहुंचाकर चिकित्सक जन-जन को स्वस्थ बनाने में अपनी भूमिका अदा करें। कार्यक्रम में हेल्थ वेलनेस सेंटर में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली डॉ. अनिता यादव और सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए शॉल और भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. पवन सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उद्देश्य की जानकारी दी और कहा कि आयुर्वेद की स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका है। विशिष्ट अतिथि आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक उमादत्त शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद आदि अनादि शाश्वत विज्ञान है। आयुर्वेद की स्वास्थ्य संरक्षण से लेकर रोगोपचार में महत्वपूर्ण भूमिका है। अध्यक्षता करते हुए उप निदेशक डॉ. महेंद्र भारद्वाज ने आयुर्वेद विभाग में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी और आभार जताया। मंच संचालन डॉ महेंद्र सिंह शेखावत ने किया। इसी प्रकार आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि की जयंती शुक्रवार को मनाई गई।