महासमुंद कलेक्टर ने ली धान खरीदी की तैयारी के लिए समीक्षा बैठक

महासमुन्द। कलेक्टर प्रभात मलिक ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर खाद्य, मार्कफेड, मंडी, कृषि व सहकारिता से संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन के दिशा-निर्देश के तहत जिले में धान खरीदी सुनिश्चित हो। उन्होंने इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर प्रभात मलिक ने धान खरीदी केन्द्र के पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण, उपार्जित धान के भुगतान के लिए आवश्यक राशि, बारदाने एवं परिवहन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपार्जन केन्द्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला एवं अनुविभागीय स्तरीय अधिकारियों को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि महासमुंद जिले के सभी 182 धान उपार्जन केन्द्रों में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी 01 नवम्बर से शुरुआत हो जाएगी। जिले में कुल 182 धान उपार्जन केन्द्रों में विकासखण्ड महासमुंद में 37, बागबाहरा में 32, पिथौरा में 44, बसना में 36 व सरायपाली विकासखण्ड में 33 धान उपार्जन केन्द्र स्थापित है।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन की संभावित तिथि के पूर्व आबंटित केन्द्रों का निरीक्षण कर चेक लिस्ट अनुसार प्रारंभिक तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने धान खरीदी की अवधि के दौरान प्रति सप्ताह कम से कम एक बार प्रत्येक आबंटित केन्द्रों का पर्यवेक्षण कर शासन की नीति-निर्देशों के अनुसार धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया संचालित कराए जाने तथा केन्द्र में उपलब्ध धान के स्टॉक एवं नए-पुराने बारदानों का सत्यापन किए जाने हेतु निर्देश दिए है।