
गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति को नपुंसक बताते हुए उसके खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। इसके साथ ही महिला डॉक्टर ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और बदनाम करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के पति, सास-ससुर और देवर-देवरानी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

राजनगर में रहने वाली डॉक्टर का कहना है कि उनका अपने पहले पति से तलाक हो चुका है। इसके बाद उनकी दूसरी शादी जुलाई 2021 में नोएडा निवासी डॉक्टर के साथ हुई थी। उनके दूसरे पति का भी अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था, लेकिन ससुरालियों ने उनसे यह बात छिपाई थी। इसके अलावा शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करने लगे थे।
वहीं, उनके परिजन दूसरी शादी होने के कारण ज्यादा पैसा खर्च करना नहीं चाहते थे, लेकिन ससुरालियों के दबाव के चलते शादी पर 64 लाख रुपये खर्च करने पड़े। शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही सास ने उनके सारी ज्वेलरी अपने पास रख ली।
पीड़ित महिला का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें पता चला कि उनका पति नपुंसक है और इसी कमी के चलते पहली पत्नी से उसका तलाक हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के बाद पति ने उससे शारीरिक संबंध नहीं बनाए, पति बेडरूम में उससे दूर भागता है। जब वह करीब जाती तो वह उसकी पिटाई करता था। इस बारे में जब उसने सास को बताया तो उसने यह बात किसी को नहीं बताने की धमकी दी।
वहीं, इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती ने अपनी बहू और उसके मायके वालों के खिलाफ मारपीट करने, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। 71 वर्षीय महिला ने बताया कि बहूू अपने मायके के लोगों को बुलाकर उन्हें और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद से रिटायर उनके पति को गाली देती है। कभी-कभी वह उन पर कूड़ा भी फेंक देती है तो कभी पानी डाल देती है। विरोध करने पर हत्या की धमकी देती है। कई बार मारपीट की गई और एक बार धक्का भी दे दिया था।