AAP को BJP ने दिया तगड़ा झटका, इस बड़े नेता ने थामा भाजपा का दामन

अहमदाबाद: गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। पाटीदार आंदोलन का बड़ा चेहरा रहे निखिल सवानी ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी का साथ छोड़ दिया है। निखिल एक बार फिर भाजपा में शामिल हो गए हैं। बीजेपी और कांग्रेस छोड़ने के बाद वह ‘आप’ का हिस्सा बने थे। रविवार को गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। एक दिन पहले ही उन्होंने ‘आप’ को छोड़ने का ऐलान किया था।

निखिल गुजरात में पाटीदार समाज का प्रमुख चेहरा हैं और पाटीदार आंदोलन के दौरान वह हार्दिक पटेल की टीम का अहम हिस्सा थे। निखिल सवानी के इस्तीफे को लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में 5 सीटें जीतने के बाद आम आदमी पार्टी को लोकसभा चुनाव में दिल्ली और पंजाब के बाद गुजरात से ही सबसे अधिक उम्मीदें हैं। ऐसे में इसे पार्टी के अभियान को एक धक्का माना जा रहा है।