
पंजाब। पंजाब के सबसे वरिष्ठ अधिकारी विजय कुमार सिंह की पंजाब वापसी से अफसरशाही में हलचल मच गई है। सीएम भगवंत मान के नए प्रिंसिपल सेक्रेटरी वरिष्ठ अधिकारी विजय कुमार सिंह को बनाया गया हैं। 1990 बैच के IAS वीके सिंह वर्तमान में रक्षा मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत हैं और पूर्व सैनिकों का विभाग देख रहे हैं। पंजाब सरकार ने केंद्र से उनकी वापसी का अनुरोध किया था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है।

नियुक्तियों के लिए बनी केंद्र कैबिनेट कमेटी ने बीते मंगलवार को इसे मंजूरी दे दी है। वीके सिंह, जो 2017 से केंद्रीय डेपुटेशन पर हैं, वर्तमान में विनी महाजन के बाद सबसे वरिष्ठ हैं। जबकि मुख्य सचिव का पद 1993 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा के पास है। वीके सिंह को पंजाब में महत्वपूर्ण पोस्ट मिल गई है। जहां बड़े महकमे इस समय खाली हैं। वहीं मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी की पोस्ट भी 31 जुलाई के बाद से खाली है। ए वेणु प्रसाद के रिटायर होने के बाद से पंजाब सरकार ने इस पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की है।